
मौहाढोढ़ा में भीषण आग से 15 एकड़ गेहूं की फसल जलकर खाक, कई किसानों को भारी नुकसान,

नगर पालिका के फायर बिग्रेड़ से आग पर काबू का प्रयास,
शार्ट सर्किट का अंदेशा,
सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/सारंगढ़,
सारंगढ़ तहसील के ग्राम मौहाढोढ़ा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गेहूं की खड़ी फसल में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 15 एकड़ क्षेत्र में फैली गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
इस भीषण आगजनी ने फसल कटाई की तैयारी कर रहे किसानों को गहरे
सदमे में डाल दिया है। घटना में कई किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार देवनारायण पटेल की 5 एकड़, टिकेश्वर पटेल की 3 एकड़, दिलीप पटेल की 1 एकड़, त्रिवेंद्रम पटेल की 2 एकड़ तथा रविशंकर की 3 एकड़ फसल जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, वहीं नगरपालिका की दमकल वाहन भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती रही, जिससे नुकसान का दायरा बढ़ गया। सूचना मिलते ही कृषि विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं पटवारी एवं तहसीलदार द्वारा क्षति का आंकलन कर प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है, ताकि प्रभावित किसानों को शासन से मुआवजा दिलाया जा सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसानों को शीघ्र राहत राशि प्रदान की जाए। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच जारी है। इस घटना से क्षेत्र के किसानों में चिंता और मायूसी का माहौल है।



