
सारंगढ़ hdfc और बिलाईगढ़ hdfc बैंक 3 -3 कर्मचारी गिरफ्तार…

सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/सारंगढ़
करोड़ो रूपये का ठगी करने वाले कुख्यात ठग शिवा साहू का एचडीएफसी बैंक में होल्ड किये गये खाता को फ्री होल्ड कराकर 31 लाख रूपये की निकासी मामले में एचडीएफसी बैंक सारंगढ़ और बिलाईगढ़ के 6 कर्मचारियो को सरसीवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महाठग शिवा साहू के इस कारनामा में बैंक कर्मचारियो-प्रबंधको तथा सरसीवा पुलिस पर साठगांठ के आरोप लगे थे। वही एचडीएफसी के बैंक प्रबंधको से भी पूछताछ हो सकती है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर
जेल भेज दिया गया है। वहीं, दोनों शाखाओं के प्रबंधकों की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है। मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार महाठग शिवा साहू के फ्रीज खाता को सरसीवां पुलिस थाना का फर्जी लेटर के सहारे होल्ड फ्री कराकर 31 लाख रूपये निकालने के मामले में सरसीवां पुलिस ने संगीन धाराओ के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए मुख्य आरोपी शिवा साहू समेत 4 लोगो के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए 3 लोगो को गिरफ्तार कर लिया था किन्तु इस मामलें मे जानबूझकर बैंक खाता को फ्री होल्ड करने के मामले में एचडीएफसी के शाखा प्रबंधको एवं कर्मचारियो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और सरसीवां थाना के स्टाफ से कडी पूछताछ करने संबंधी आदेश अपर कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने दिया था। जिस पर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। इस निर्देश के तहत किया गया जांच के बाद आज सारंगढ़ और बिलाईगढ़ में संचालित एचडीएफसी बैंक के 6 कर्मचारियो को इस मिलीभगत में शामिल होने की प्रथमदृष्टया सबूत मिलने पर सरसीवां पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला के सरसीवां थाना क्षेत्र के रायकोना गांव के
निवासी शिवा साहू पर पैसा दुगुना करने के नाम पर करोड़ो रूपये की ठगी करने का मामला न्यायालय में लंबित है और मुख्य आरोपी शिवा साहू जमानत पर छूटा हुआ है लेकिन गत दिनो शिवा साहू के एचडीएफसी बैंक के होल्ड किया गया बैंक खातो को सरसीवां पुलिस थाना के एक कथित पत्र के द्वारा फ्री होल्ड करके उसमें से राशी 31 लाख रूपये को आहरित कर लिया गया तथा अन्य बैंक खातो मे इस राशी को ट्रांसफर कर दिया गया। जिसकी जानकारी सरसीवां पुलिस को लगने के बाद इस फर्जीवाड़ा का मामला उजागर हुआ और सरसीवां पुलिस ने 4 लोगो
के खिलाफ अपराध क्रमांक 389/25,390/25 में डिगम जोल्हे, पिता–गुड्डू जोल्हे, निवासी रायकोना, ऋतु साहू, पिता – चन्द्रहास साहू, निवासी टाटा, चन्द्रहास साहू, पिता–दशर साहू, निवासी टाटा तथा शिवा साहू के खिलाफ बीएनएस की धारा 3(5), 318(2), 336(3), 336(4), 338, 340(2), 341(1), 341(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर शिवा साहू को छोड़कर बाकि तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। लेकिन इस मामले को लेकर अपर कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा सारंगढ़ टाईम्स समाचार पत्र में प्रकाशित समाचार पर संज्ञान लेते हुए
इसे गंभीर चूक या मिलीभगत बताते हुए संबंधित थाना प्रभारी को तथा एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधको को नोटिस जारी कर मामले में उनका पक्ष को सुना जहा पर प्रथम दृष्टया ही मामला मिलीभगत का साफ तौर पर दिखने लगा। इस मामले में अपर कलेक्टर ने एसडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधको के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा थाना प्रभारी सरसीवां तथा स्टाफ के खिलाफ मिलीभगत के जांच करने का निर्देश दिये थे। कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अनुसंशा पर दिये उक्त आदेश पर पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा थाना प्रभारी सरसीवां को पत्र में दिये निर्देशानुसार कार्यवाही करने का निर्देश दिये थे। जिसके बाद आज एचडीएफसी बैंक सारंगढ़ और बिलाईगढ़ के 6 कर्मचारियो के खिलाफ कार्यवाही करते हुए उनको गिरफ्तार किया गया है। एचडीएफसी बैंक सारंगढ़ के तीन कर्मचारी अभिषेक जायसवाल, दिनेश अनंत और पूजा मानिकपुरी शामिल हैं। वहीं बिलाईगढ़ शाखा से टीकाराम साहू, हनुमंत राव टंडन और प्रमोद देवांगन को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सरसीवां थाना का फर्जी दस्तावेज बनाना एक सुनियोजित षड्यंत्र
थाना सरसींवा से प्राप्त जानकारी के अनुसार महाठग शिवा साहू ने थाना सरसींवा के नाम से फर्जी लेटरपैड तैयार कराया नकली दस्तावेज व थाना के नाम पर आवेदन, लेटरपेड व सील को जमानत से जुड़े दस्तावेजों के साथ संलग्न किया, बैंक को यह दर्शाया कि होल्ड अकाउंट खोलने की अनुमति पुलिस द्वारा दी गई है और बैंक से अपने साथी व तथाकथित गर्लफ्रैंड व उसके पिता के नाम से लाखों रुपये
निकाल लिया । यह पूरा कृत्य न केवल जालसाजी है, बल्कि सरकारी दस्तावेजों की कूटरचना और न्यायिक प्रक्रिया से धोखाधड़ी का गंभीर मामला है। इससे ही जाना जा सकता है कि यह महाठग कितना शातिर है जिसके हौसले इतने बुलंद है कि इसे कानून का भय भी नही। पूरे मामले में साफ तौर पर दिख रहा है कि शिवा साहू को साथ पुलिस थाना सरसीवां का कोई कर्मचारी या स्टाफ ने दिया है जिसके कारण से हस्ताक्षर तथा सील लगाकर पत्र दे दिया गया है। वही एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधको की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो रहे है। अपर कलेक्टर ने दोनो शाखा प्रबंधको के खिलाफ कार्यवाही के लिये पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखे थे तथा प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिये थे। जिसके बाद आज महाठग के साथ देने वाले एचडीएफसी बैक सारंगढ़ और बिलाईगढ़ शाखा के 6 कर्मचारियो के
खिलाफ गिरफ्तारी की कार्यवाही हुई है। वही बताया जा रहा है कि प्रबंधको को भी पूछताछ के लिये जल्द तलब किया जायेगा।



