
अस्पताल में सुरक्षा गार्ड ने मरीजों को चढ़ाई ड्रिप, VIDEO VIRAL

रायपुर. राजधानी रायपुर के कालीबाड़ी स्थित मातृ-शिशु अस्पताल में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अस्पातल में भर्ती गर्भवती महिलाओं को सुरक्षा गार्ड ड्रिप लगाते और कैनुला निकालते नजर आ रहा है. बताया जा रहा है घटना के दौरान अस्पताल में डॉक्टर और नर्स स्टाफ मौजूद था. मामले में अब प्रबंधन ने गलती स्वीकारते हुए कार्रवाई की बात कह रहा है.
जानकारी के मुताबिक, कालीबाड़ी स्थित मातृ-शिशु अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को सुरक्षा गार्ड ड्रिप लगाते और कैनुला निकालते कैमरे में कैद हुआ है. वीडियो में दिख रहा सुरक्षा गार्ड नागेश्वर प्रसाद कश्यप है, वह फरवरी से यहां ड्यूटी कर रहा है. इस प्रक्रिया में सावधानी की आवश्यकता होती है. अगर गलत तरीके से प्रक्रिया की गई तो परिणाम गंभीर हो सकते हैं.
सुरक्षा गार्ड ने क्या कहा?
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा गार्ड ने सफाई देते हुए कहा कि उसने शिफ्ट में मौजूद नर्स वर्षा यादव के कहने पर यह काम किया. नर्स ने मदद मांगी थी, जिसके बाद उसने दो मरीजों के कैनुला बदले थे.
सिविल सर्जन ने मानी गलती
मामले में लापरवाही पर जिला अस्पातल के सिविल सर्जन डॉ. भिनुज सिन्हा ने गलती मानी. उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा गार्ड से चिकित्सा की प्रक्रिया करना हर तरीके से गलते है. मामले में कार्रवाई की जाएगी. वहीं संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया जाएगा.



