
शिक्षक दिवस पर डांस का VIDEO वायरल : बीड़ी जलाई ले जिगर से पिया… पर छात्रों के साथ थिरके टीचर, गाने के चयन पर उठे सवाल….

मुंगेली। शिक्षक दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो मुंगेली के रेम्बो मेमोरियल इंग्लिश मीडियम स्कूल का बताया जा रहा है, जिसमें स्कूल परिसर में विद्यार्थी और शिक्षक फिल्मी गाने पर डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद अब कार्यक्रम के स्वरूप और गाने के चयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में विद्यार्थी और शिक्षक “बीड़ी जलाई ले जिगर से पिया…” फिल्मी गाने पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो शिक्षक दिवस के कार्यक्रम के दौरान का है। हालांकि वीडियो में दिखाई दे रहे कार्यक्रम का पूरा संदर्भ और आयोजन का वास्तविक उद्देश्य स्पष्ट नहीं है।
नशामुक्ति अभियान के बीच गाने के चयन पर सवाल
मामला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि शासन-प्रशासन की ओर से लगातार नशामुक्ति और धूम्रपान विरोधी जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में शैक्षणिक संस्थान में विद्यार्थियों की मौजूदगी वाले कार्यक्रम में इस तरह के गीत के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अभिभावकों के बीच भी यह चर्चा है कि स्कूलों में मनोरंजनात्मक गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों की उम्र, शैक्षणिक वातावरण और गीत-संगीत के सामाजिक संदेश को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
क्या कहते हैं अभिभावक?
वायरल वीडियो के बाद अभिभावकों के बीच सवाल है कि स्कूल में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक और शिक्षाप्रद संदेश देने वाला भी होना चाहिए। ऐसे में कार्यक्रमों में प्रस्तुत किए जाने वाले गीतों और गतिविधियों के चयन को लेकर स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी अहम मानी जाती है। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। हालांकि यह वीडियो शिक्षक दिवस के कार्यक्रम का बताया जा रहा है, लेकिन वीडियो की तारीख, पूरा संदर्भ और कार्यक्रम के वास्तविक उद्देश्य की स्वतंत्र पुष्टि लल्लूराम डॉट कॉम नहीं करता है।



