
500 परिवारों को आबादी पट्टा देने की मांग, अमित कुमार सार्थी के नेतृत्व में कलेक्टर को सौंपा आवेदन

सारंगढ़। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 05 मोहल्ला स्वीपरपारा एवं वार्ड क्रमांक 06 मोहल्ला रेंजरपारा रायपुर रोड में लंबे समय से निवासरत करीब 500 परिवारों की आवासीय भूमि को आबादी घोषित कर पट्टा वितरण किए जाने की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा गया।

इस दौरान अमित कुमार सार्थी के नेतृत्व में वार्ड क्रमांक 06 की माताएं-बहनें एवं बड़ी संख्या में स्थानीय साथी उपस्थित रहे। आवेदन में बताया गया कि संबंधित परिवार लंबे समय से उक्त भूमि पर निवास करते आ रहे हैं। कई परिवारों के पास भूमि संबंधी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है।

आवेदन में मांग की गई कि स्थल निरीक्षण एवं राजस्व अभिलेखों की जांच कर वास्तविक रूप से निवासरत पात्र परिवारों की सूची तैयार की जाए तथा नियमानुसार भूमि को आबादी घोषित कर पात्र परिवारों को आबादी पट्टा/स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्रदान किए जाएं। अमित कुमार सार्थी ने कहा कि वर्षों से निवासरत परिवारों के हित में प्रशासन द्वारा सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि लोगों को अपने मकान एवं भूमि का वैधानिक अधिकार मिल सके।



