
सारंगढ़ के परसकोल में रफ्तार का कहर: अनियंत्रित कार मैकेनिक की दुकान में घुसी, 1 की मौत…..

दुपहिया वाहन बना रहे श्याम कुमार पटेल को मारी जोरदार टक्कर; रायगढ़ ले जाते समय मौत
सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/सारंगढ़,
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन सामने आ रहे सड़क हादसों के बीच एक बार फिर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शनिवार को कनकबीरा चौकी क्षेत्र के ग्राम परसदा छोटे और परसकोल के बीच, परसकोल के स्वागत गेट के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और सड़क किनारे वाहन बनाने का काम कर रहे मैकेनिक की दुकान में जा घुसी। इस हादसे में दुकान में काम कर रहे मैकेनिक को गंभीर चोटें आईं। गंभीर हालत में उसे सारंगढ़ अस्पताल से रायगढ़१ रेफर किया गया, लेकिन रायगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे में दुकान में वाहन बनवाने आए एक अन्य व्यक्ति को भी मामूली चोट आने की जानकारी है।
मिली जानकारी के अनुसार बरमकेला क्षेत्र के बजरंग कोडाकु और निखिल पटेल अपने रिश्तेदार के यहां भालूपानी आए हुए थे। वहां से दोनों कार क्रमांक CG 10 FA 8752 से वापस लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति से चल रही थी। बताया जा रहा है कि जब कार परसकोल के दिशा-सूचक बोर्ड के पास पहुंची तो चालक ने सामने आ रहे सूचना बोर्ड से बचने के लिए वाहन को मोड़ने
का प्रयास किया। इसी दौरान तेज रफ्तार होने के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार सड़क से नीचे उतरती चली गई और सीधे सड़क किनारे स्थित मैकेनिक की दुकान की ओर जा पहुंची। कुछ ही सेकंड में कार ने दुकान में काम कर रहे श्याम कुमार पटेल पिता जीतराम पटेल, उम्र लगभग 44 वर्ष, निवासी परसकोल को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े और घायल को बाहर निकालने का प्रयास
किया।
रोज की तरह दुकान में काम कर रहे थे श्याम कुमार
बताया जा रहा है कि श्याम कुमार पटेल रोज की तरह अपनी दुकान में वाहन बनाने के काम में व्यस्त थे। वे अपने काम में लगे हुए थे और उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पल बाद एक अनियंत्रित कार उनकी दुकान में घुस आएगी। हादसे के बाद श्याम कुमार को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सारंगढ़ से रायगढ़ रेफर कर दिया गया। लेकिन परिवार और ग्रामीणों की उम्मीद उस समय टूट गई, जब रायगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही श्याम कुमार पटेल ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परसकोल गांव में और उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि वे परिवार के एकमात्र कमाने वाले व्यक्ति थे। प्रतिदिन की तरह अपने काम पर निकले श्याम कुमार की इस तरह सड़क हादसे में मौत हो जाएगी, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

दुकान में वाहन बनवाने आए व्यक्ति को भी लगी चोट
हादसे के समय श्याम कुमार की दुकान में एक अन्य व्यक्ति भी अपना वाहन बनवा रहा था। अचानक कार दुकान में घुसने के कारण वह भी हादसे की चपेट में आ गया और उसे मामूली चोट आने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने संभाली स्थिति हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया। मौके की स्थिति बिगड़ने से पहले कनकबीरा चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को शांत कराया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस द्वारा वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। क्या कहते है चौकी प्रभारी
“वाहन चालक बजरंग कोडाकू के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। साथ ही मामले की जांच चल रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।”
टीकाराम खटकर,चौकी प्रभारी कनकबीरा



