
बिग ब्रेकिंग :उफनते नाले के पुल से कार बही, एक व्यक्ति के सवार होने की आशंका सारंगढ़-बरमकेला मार्ग के माधोपाली में हुआ हादसा, पुलिस और ग्रामीण तलाश में जुटे….

सारंगढ़। सारंगढ़-बरमकेला मुख्य मार्ग पर स्थित माधोपाली के पुराने लात नाला पुल पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा होने की सूचना मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6 बजे पुल पर पानी का तेज बहाव होने के बावजूद एक कार को पार कराने का प्रयास किया गया, तभी कार अनियंत्रित होकर उफनते नाले में बह गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कार में घोटला बड़े गांव के देव ट्रेडर्स के संचालक देवनारायण पटेल सवार थे। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस और स्थानीय लोग छोटे कोसीर के पास कार एवं उसमें सवार व्यक्ति की तलाश में जुटे हुए हैं। वहीं, कोसीर बड़े पुल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जबकि पुलिस ने पुराने पुल की ओर लोगों की आवाजाही रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण लात नाला उफान पर है और पुराने पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। ऐसे में पुल पार करने का प्रयास हादसे का कारण बना।




