
“नारी रक्षा सम्मान निधि” : महिलाओ को ऋण देने वाले 11 निजी बैंको के खिलाफ जांच की मांग, पीड़ितों के न्याय के लिए विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े ने एस.पी. से की शिकायत,

पिड़ितो महिलाओ का दावा कभी बैंक भी नही गई, फिर भी उनके नाम पर ऋण हो गया स्वीकृत,
सारंगढ अंचल में महिलाओ से 7 करोड़ से अधिक की ठगी का मामला,
सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/सारंगढ़,
सारंगढ़ अंचल में नारी रक्षा सम्मान निधि के नाम पर 7 करोड़ रूपये से अधिक की ठगी का मामला अब गहराते जा रहा है। मुख्य आरोपी दिनेश बंजारे म्यूल एकाऊंट के एक मामले मे जेल में है वही विभिन्न गांवो में सैकड़ो महिलाओ के नाम पर ऋण स्वीकृति कराकर उसका डबल भुगतान का झांसा देने वाले बड़े गिरोह के साथ सारंगढ़ के 11 प्राईवेट बैंको की भूमिका की जांच की मांग को लेकर आज विधायक उत्तरी जांगड़े ने पुलिस कप्तान को शिकायत पत्र दिया है। वही दिनेश बंजारे के साथ इस नारी रक्षा सम्मान योजना में कई
और चेहरे है जो इस करोड़ो रूपये में अपना विकास करके अनजान बनकर इस ठगी कांड़ से बचने का हथकंड़ा अपना रहे है।
दरअसल सारंगढ़ क्षेत्र की हजारों ग्रामीण महिलाएं इन दिनों 'नारी रक्षा सम्मान निधि' के नाम पर हुई एक बड़ी धोखाधड़ी का शिकार हो गई हैं। जालसाजों और प्राइवेट बैंकों की कथित सांठगांठ से महिलाओं के नाम पर करोड़ों रुपये का फर्जी लोन निकाल लिया गया है। इस गंभीर मामले को लेकर सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ को पत्र लिखकर कड़ी कार्रवाई और महिलाओं के होल्ड पड़े खातों को फ्री करने की मांग की है। विधायक उत्तरी जांगड़े द्वारा एसपी को सौंपे गए पत्र के अनुसार, नवीन जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अंतर्गत कथित संचालक दिनेश बंजारे और दर्जनों प्राइवेट बैंकों की मिलीभगत से इस ठगी को अंजाम दिया गया है। आरोपी दलालों ने केवल आधार कार्ड और पैन कार्ड के सहारे बिना महिलाओं की मौजूदगी के करोड़ों रुपये का ऋण स्वीकृत करवा दिया। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि वे कभी बैंक गई ही नहीं। महिलाओं का दावा है कि बैंकों
में लगे सीसीटीव्ही कैमरों की जांच से इस बात की पुष्टि की जा सकती है। सामान्य लोन के लिए महीनों बैंकों के चक्कर काटने पड़ते हैं, ऐसे में बिना बैंक पहुंचे करोड़ों का लोन स्वीकृत होना बैंकों की सीधी संलिप्तता की ओर इशारा करता है।
इन 11 बैंकों की भूमिका जांच के दायरे में
शिकायती पत्र में विधायक ने मुख्य रूप से निम्नलिखित संस्थाओं और बैंकों की निष्पक्ष जांच की मांग की है जिसमें एलएनटी बैंक थाना के सामने सारंगढ़, फेडरल बैंक, एक्सिस बैंक (प्रताप गंज के पास), RBI बैंक, सूर्योदय बैंक (गढ़चौक के पास), आर्शीवाद बैंक, बेलस्टार (गढ़ चौक के पास),चैतन्य बैंक, बरमकेला स्वामन बैंक (अक्षत होण्डा गली में),मिड लैण्ड बैंक कोतरी और आर्शीवाद बैंक कुटेला शामिल है। महिलाओ के खातों को 'होल्ड फ्री' करने की मांग विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कथित संचालक दिनेश बंजारे के साथ- साथ इन प्राइवेट बैंकों के लेखा-जोखा और दस्तावेजों की गहन जांच की जाए। साथ ही, उन्होंने ठगी का शिकार हुई ग्रामीण महिलाओं के बैंक खातों पर लगे प्रतिबंध (होल्ड) को तुरंत हटाकर उन्हें राहत देने की अपील की है।
ठगी कांड़ में दिनेश बंजारे का साथी कौन-कौन?
नारी रक्षा सम्मान निधि के 7 करोड़ रूपये से अधिक की ठगी मामले में अकेला दिनेश बंजारे का ही नाम सामने आ रहा है जबकि सूत्रो का दावा है कि दिनेश बंजारे के साथ लगभग आधा दर्जन से अधिक लोग जुड़े है। बताया जा रहा है कि दिनेश बंजारे के साथ कई प्रभावशाली लोग जुड़े थे जो कि धोखाधड़ी कांड़ सामने आने के बाद अपने आपको पूरे घटना से किनारे करते हुए दिख रहे है। कई लोगो ने दिनेश से मोटी रकम लिया है तथा पिड़ित महिलाओ को इस योजना मे शामिल होने के लिये प्रोत्साहित किया हैं। सूक्ष्म जांच करने और गांव में बेनामी संपत्ति की जानकारी लेने पर ऐसे चेहरो का नाम सामने आ जायेगा जिन्होने इस धोखाधड़ी मामलें में बड़ी मलाई खाई है और अब कार्यवाही के समय अपने आपको शरीफ बताते फिर रहे है। करोड़ो रूपये के इस ठगी के मामले में दिनेश बंजारे से पूछताछ कर ऐसे चेहरो का बेनकाब करने की आवश्यकता है जो कि पिडित महिलाओ के ठगी के पैसे से ऐशो-आराम से जिंदगी जी रहे है और पुलिस की राड़ार से दूर है।



