
आयुष्मान योजना को लगा रहे पलीता! दुर्ग के निजी अस्पतालों में ओडिशा के मरीजों के जरिए खेला जा रहा करोड़ों का खेल, जांच में बड़े खुलासे…

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के निजी अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के नाम पर फर्जी मरीजों के इलाज के नाम पर करोड़ों का खेल खेला जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि ओडिशा से मरीजों को एजेंटों के माध्यम से लाकर अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, और सामान्य बीमारियों के नाम पर अधिक राशि वाले सर्जिकल पैकेज का दावा किया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद दुर्ग सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी के निर्देश पर पांच सदस्यीय जांच दल ने 22 और 23 जून को जिले के एसआर हॉस्पिटल (चिखली), एएम हॉस्पिटल (चरोदा), सूरज नर्सिंग होम, भिलाई नर्सिंग होम और नवजीवन हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। टीम ने ओपीडी, आईपीडी और आयुष्मान योजना के अंतर्गत भर्ती मरीजों की फाइलों की जांच की।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर होगी कार्रवाई- सीएमएचओ
सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी ने बताया कि आयुष्मान योजना के नाम पर सामान्य शिकायत अपर पैकेज पर इलाज करने और पैकेज के अलावा अतिरिक्त राशि लेने को लेकर आती है। वहीं ताजा मामले में उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को कभी भी उपचार कराने की स्वतंत्रता है। लेकिन किसी को बाध्य कर या लालच देकर कहीं और उपचार कराना ठीक नहीं है। इस संबंध में शिकायत मिलने पर जांच टीम अस्पतालों में गई थी. जांच टीम के प्रतिवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अधिक भुगतान लेने पर होगी कड़ी कार्रवाई – कलेक्टर
दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा है कि यदि जांच में सामान्य बीमारी के मामलों में अधिक भुगतान वाले आयुष्मान पैकेज लेने की पुष्टि होती है तो संबंधित अस्पतालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होगी और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।





