
नेशनल हाईवे 130 बी रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ फोरलेन हाईवे निमार्ण के लिये भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी

186 किलोमीटर लंबी नेशनल हाईवे बनेगी फोरलेन,
पवनी, भटगांव, सरसीवां होते सारंगढ़ आयेगी फोरलेन सड़क,
चंदाई से टेंगनापाली-कोतरी-हरदी तक बनेगी बाईपास सड़क,
भारत सरकार के राजपत्र में 24 मार्च को अधिसूचना हुआ प्रकाशित,
अनुविभागीय राजस्व अधिकारियो को बनाया गया अधिग्रहण हेतु सक्षम अधिकारी,
सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/सारंगढ़,
रायपुर से बलौदाबाजार होते हुए सारंगढ़ तक की नेशनल हाईवे-130बी की नेशनल हाईवे सड़क का फोरलेन बनाये जाने की घोषणा अब मूर्त रूप धारण कर रही है। डीपीआर सर्वे के बाद भूमि अधिग्रहण का कार्य में तेजी लाने के लिये भारत सरकार के द्वारा फोरलेन सड़क के जद मे आने वाली भूमि के अधिग्रहण के लिये संबंधित अनुविभाग में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को सक्षम अधिकारी बनाया है। इस आशय का अधिसूचना भारत सरकार के द्वारा 24 मार्च 2026 के राजपत्र में प्रकाशित कर दिया गया है जिससे आने वाले दिनो में इस फोरलेन सड़क के भूमि अधिग्रहण के कार्य में तेजी आयेगी और यह सड़क शीघ्र ही मूर्त रूप लेगा।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला के 113 गांवो में नेशनल हाईवे 130बी के चौड़ीकरण करने फोरलेन सड़क बनाये जाने के लिये सड़क के किनारे लगे हुए भूमि का अधिग्रहण का कार्य किया जाने के लिये शासन तेजी से काम कर रही है।
नेशनल हाईवे प्राधिकरण के द्वारा इस नेशनल हाईवे सड़क 130 बी के फोरलेन सड़क के निमार्ण के लिये कुछ दिनो पहले डीपीआर सर्वे को मंजूरी प्रदान किया था वही अब इसी डीपीआर के आधार पर 113 गांवो में भूमि चौड़ीकरण के लिये भूमि अधिग्रहण का कार्य प्रारंभ करने के लिये सक्षम अधिकारियो की नियुक्ति कर दिया है। भारत सरकार के राजपत्र में दिनांक 24 मार्च 2026 को प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार संबंधित अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को इस फोरलेन सड़क के चौड़ीकरण के लिये सक्षम अधिकारी नियुक्ति किया है। राजपत्र मे जारी अधिसूचना के अनुसार बलौदाबाजार जिला के 54 गांव तथा सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिला के 59 गांवो में फोरलेन सड़क के लिये भूमि अधिग्रहण का कार्य किया जायेगा।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार फोरलेन सड़क के लिये 155 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है तथा वर्तमान में 120 हेक्टेयर भूमि नेशनल हाईवे प्राधिकरण के पास उपलब्ध है। ऐसे में शेष भूमि 35 हेक्टेयर यानि लगभग 86 एकड़ भूमि का अधिग्रहण 113 गांवो में किया जाना है। इसके लिये डीपीआर तैयार हो गया है तथा शासन के द्वारा पूर्व मे सड़क के बीच से दोनो छोर में 100-100 मीटर की चौड़ाई की भूमि पर खरीदी-बिक्री आदि पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। ऐसे में अब इस प्रतिबंधित भूमि के अधिग्रहण की कार्यवाही को पूरा करने के लिये सक्षम अधिकारियो की नियुक्ति कर दिया गया है। जिससे स्पष्ट हो गया है कि शीघ्र ही भूमि अधिग्रहण का अवार्ड पारित कर मुआवजा देने के बाद फोरलेन सड़क के निमार्ण का कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा।
सड़क के दोनो छोर पर 100-100 मीटर की भूमि पर है प्रतिबंध रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ नेशनल हाईवे 130बी के फोरलेन चौड़ीकरण करने के लिये सारंगढ़ और बिलाईगढ़ अनुविभाग के कई गांवो में जमीनो की खरीदी-बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इस फोरलेन चौड़ीकरण का डीपीआर बनाने वाली कंपनी मेसर्स एमएसव्ही इंटरनेशनल कंपनी गुरुग्राम, हरियाणा के द्वारा टुण्डरी से लेकर हरदी तक के गांवो में प्रभावित होने वाले जमीन के खसरा नंबर की
जानकारी सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रशासन को भेज दिया है जिसके बाद उक्त खसरा नंबरो को छोड़कर शेष खसरा नंबरो पर लगी खरीद-बिक्री की रोक को जल्द ही हटाया जा सकता है।
इस सूची के अनुसार नेशनल हाईेवे 130बी सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला के टुण्ड़री, पचरी, छिर्रा, बरभांठा, पवनी, दोमुहानी, बिसनपुर, पथरिया,बेलटिकरी, चुरेला, जमगहन, गिरसा, धोबनीडीह, रोहिना, भटगांव, झुमरपाली, टेडीभदरा,सेन्दुरस, खम्हरिया,गोपालपुर,पीपरडुला,सरसीवां, कोदवा, तिलाईपाली,तेन्दूभांठा, सेमरिया,भिनोदी,धाराशिव, पसरदा बड़े,छिंद, अचानकपाली,कुधरी, गोड़िहारी,हरिहरपाली, दुर्गापाली, चंदाई,खम्हारडीह,कुटेला,भोजपुर, पचपेड़ी,उधरा,कोतरी,रेड़ा होकर हरदी निकलेगी। इस गांवो के दोनो छोर पर स्थित जमीनो के 100-100 मीटर भूमि को चौड़ीकरण का कार्य किया जायेगा। इसके लिये दोनो छोर पर दिया गया भूमि पर प्रतिबंध लगा रहेगा और शेष भूमि को शीघ्र ही प्रतिबंध से मुक्त कर दिया गया है। चंदाई से हरदी तक बनेगा नया बाईपास रोड़ सारंगढ़ के बिलासपुर रोड़ के पास चंदाई गांव के पास से रायगढ़ रोड़ पर स्थित हरदी गांव तक नया बाईपास रोड़ का प्रस्ताव इस डीपीआर में किया जा रहा है।
इसी के तहत भूमि अधिग्रहण का कार्य भी किया जाने की हरी झंड़ी मिल गई है अर्थात नये बाईपास को मंजूरी मिल गई है। मिली जानकारी के अनुसार चंदाई से खम्हारडीह होते हुए कुटेला-भोजपुर होकर पचपेड़ी-उधरा से नेशनल हाईवे फोरलेन सड़क टेंगनापाली के पास निकलेगा तथा कोतरी,रेड़ा होकर हरदी में मिलेगी जहा पर रायगढ़ रोड़ और रायपुर रोड़ के लिये बनी बाईपास रोड पहले से है। इस हिसाब से हरदी रायपुर रोड़ और बिलासपुर रोड़ और रायगढ़ रोड़ का जंक्शन होगा। यहा पर ही तीनो दिशाओ की रोड़ मिलेगा। बिलासपुर रोड़ से रायगढ़ रोड़ का नया बाईपास बनने पर शहर के भीतर से गुजरने वाली भारी वाहनो का खेल खत्म हो जायेगा।
रेड़ा, कोतरी और हरदी की बस्ती का सैकड़ो मकान टूटेगें?
बताया जा रहा है कि चंदाई से टेंगनापाली के पास निकलने वाली इस सड़क को वहा पर कोतरी-रेड़ा-हरदी होकर निकाला जायेगा और डीपीआर के सर्वे रिर्पोट के अनुसार यह बाईपास सड़क को अभी सड़क के बीच से 100-100 मीटर चौड़ा किया जायेगा। अर्थात दोनो छोर पर सड़क 300-300 फीट चौड़ा होगा। इससे
सारंगढ़ के कोतरी गांव, रेड़ा और और हरदी गांव में ही बड़ी आबादी प्रभावित होगी और करोड़ो-अरबो रूपये का मुआवजा देना पड़ेगा। टेंगनापाली के पास से हरदी तक के लिये तीन से चार बस्ती जमींदोज करना पड़ेगा जिसमें शासन को करोड़ो रूपये का मुआवजा का नुकसान सहना पड़ सकता है। पूर्व मे बने नेशनल हाईवे सड़क के बीच से दोनो छोर पर 100-100 फीट सड़क को लिये है किन्तु डीपीआर के सर्वे करने वाली कंपनी यहा पर 100-100 मीटर को चौडा़ई को लेते हुए जमीनो के खरीदी-बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है जिससे साफ प्रतीत हो रहा है कि यह बाईपास सड़क की चौडाई 600 फीट चौड़ी होगी? शायद अभी छत्तीसगढ़ में एक भी सड़क 600 फीट की चौड़ाई की नही है। ऐसे मे कोतरी, रेड़ा, हरदी में सैकड़ो मकानो का टूटने का डर ग्रामीणो को सता रहा है।



