
10 साल से टैक्स नहीं पटाने वाले वकील के घर का कट नल कनेक्शन

दुर्ग। बकाया टैक्स वसूली को लेकर दुर्ग निगम ने शहर की प्रतिष्ठित वकील सौरभ चौबे के घर का दो नल कनेक्शन काट दिया गया है। निगम के मुताबिक वार्ड-9 निवासी सौरभ चौबे, एसपी चौबे के मकान पर 59,013 रुपए का टैक्स बकाया है। यह टैक्स करीब 10 साल का है। लगातार नोटिस रिमाइंडर के बाद भी वकील ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, इसे देखते हुए सौरभ चौबे के घर का नल कनेक्शन काटा गया है। इस पूरे मामले को लेकर अधिवक्ता सौरभ चौबे ने भी मोर्चा खोल दिया है।
उन्होंने निगम की कार्रवाई को दुर्भावनापूर्ण और गलत बताते हुए मामले को लेकर कोर्ट में परिवाद दायर किया है। साथ ही निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल को नोटिस भी भेजा है। सौरभ चौबे ने कहा कि नियमतः तीन साल से ज्यादा का बकाया टैक्स इस तरह से निगम नहीं वसूल सकता। निगम 15-15 साल का नोटिस भेजकर कार्रवाई कर रहा है। उनके घर नल कनेक्शन नहीं है, वे कुएं का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को लेकर कोर्ट गए हैं। कोर्ट को वस्तु स्थिति से अवगत कराया है। निगम ने लाल चंद्रा जौहरे के मकान पर 66,626 रुपये बकाया टैक्स होने के कारण नल कनेक्शन विच्छेदन किया। कार्रवाई के दौरान नल कनेक्शन कटने के दबाव में कई लोगों ने मौके पर ही बकाया टैक्स जमा किया। वार्ड 9 के व्यास नारायण श्रीवास्तव ने 20,215 रुपये, जबकि राधा मंगला चतुर्वेदी ने 15,920 रुपये टैक्स जमा कराया। यह पूरी कार्रवाई सहायक राजस्व अधिकारी थानसिंग यादव, उपराजस्व निरीक्षक संजय मिश्रा, उप निरीक्षक निशांत यादव, राजस्व उप निरीक्षक राम खिलावन शर्मा के नेतृत्व में की गई। नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में बकाया कर वसूली अभियान लगातार जारी है, ताकि नागरिक सुविधाओं को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सके।
सांझा चूल्हा से वसूला गया 1.75 लाख का संपत्ति कर
आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर सोमवार को जीई रोड स्थित चार्ज के सामने संचालित सांझा चूल्हा फैमिली ढाबा के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की तैयारी की गई। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार होटल संचालक पर 1 लाख 75 हजार 458 रुपये का संपत्ति कर लंबे समय से बकाया था। निगम द्वारा पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन संचालक द्वारा कर की राशि जमा नहीं की गई। अंतिम नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं होने पर नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व विभाग का अमला होटल को सील करने पहुँचा। सीलिंग की कार्रवाई के भय से होटल संचालक ने मौके पर ही पूरी बकाया राशि नगद जमा कर दी, जिसके बाद कार्रवाई स्थगित की गई। आयुक्त ने कहा कि बकाया संपत्ति कर जमा नहीं करने वाले अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सील बंद की सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम की इस सख्ती के बाद कर वसूली में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।



