
PM आवास की राशि दिलाने का झांसा देकर लाखों की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार…

बिलासपुर. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि दिलाने का झांसा देकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले शातिर ठगों के गिरोह को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी बाइक से अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर योजना निरस्त होने का डर दिखाते थे और अमानत के नाम पर नकद व जेवरात ले लेते थे.
पुलिस के अनुसार थाना सिविल लाइन एवं कोतवाली क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि शीघ्र स्वीकृत कराने का लालच देकर लगातार ठगी की शिकायतें मिल रही थीं. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की. जांच के दौरान विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें हर घटना में दो व्यक्ति पैशन प्रो मोटरसायकल (सीजी 10-बीवाय-9201) से आते-जाते दिखाई दिए.
फुटेज और पीड़ितो द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दीनदयाल कॉलोनी क्षेत्र से संदिग्ध रामप्रसाद यादव और जितेन्द्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपियों ने जानकी भट्ट, उषा साहू, अगमदास टंडन और शांति बाई यादव से प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया.


