
एसडीओपी, टीआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल रायगढ़ के लिबरा में ग्रामीणों ने किया पुलिस पर पथराव….

रायगढ़। रायगढ़ जिले के ग्राम लिबरा के सीएचपी चौक में आज उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें एसडीओपी, टीआई सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इस संबंध में पुलिस ने जारी बयान में बताया है कि 8 दिसंबर 2025 को भौराभाठा में हुई जनसुनवाई के विरोध में सेक्टर 1 कोल ब्लॉक के अंतर्गत प्रभावित 14 ग्रामों के ग्रामवासी 12 दिसंबर से धरने पर बैठे हैं। आज सुबह 9 बजे के आसपास लगभग 300 लोगों की भीड़ थी, उनमें से कुछ लोग सड़क पर बैठकर सामान्य आवागमन को बाधित कर रहा था, जिसके लिए सुबह 10 बजे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, एडिशनल एसपी लोगों को समझाइश देकर वापस उन्हें धरना के लिए लगाए गए टेंट पर वापस भेजा गया।
अनियंत्रित भीड़ ने मौके पर पुलिस की बस, जीप, एंबुलेंस को आग लगा दी। साथ ही कई शासकीय वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके पश्चात अनियंत्रित भीड़ जिंदल के कोल हैंडलिंग प्लांट सीएचपी की ओर बढ़कर अंदर घुसकर कन्वेयर बेल्ट और दो ट्रैक्टर व अन्य वाहन को आग लगा दी। ऑफिस में भी उत्पात मचाकर तोड़फोड़ की। भीड़ को समझाइश देने के लिए विधायक लैलूंगा विद्यावती सिदार, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक रायगढ़ मौके पर पहुंचे तो भीड़ उग्र होते हुए पथराव किया और फिर से सीएचपी प्लांट की ओर जाकर प्लांट के अंदर आगजनी की घटना को अंजाम दिया।



