
छत्तीसगढ़ में मार्च में एनआईसी अफसरों की लापरवाही तथा साफ्टवेयर अपडेट करने एवं उसमें आई तकनीकी खराबी के कारण 8 लाख कार्ड धारकों को खाद्यान्न से वंचित होना पड़ा था।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मार्च में एनआईसी अफसरों की लापरवाही तथा साफ्टवेयर अपडेट करने एवं उसमें आई तकनीकी खराबी के कारण 8 लाख कार्ड धारकों को खाद्यान्न से वंचित होना पड़ा था। सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत संचालित उचित मूल्य दुकानों के हितग्राहियों से जुड़ी इस खबर को हरिभूमि ने प्राथमिकता से प्रकाशित किया था। इस खबर का असर यह हुआ कि शासन ने अब बचे हुए कार्ड धारकों को मार्च का खाद्यान्न वितरण करने का आदेश जारी किया है। इसके तहत साफ्टवेयर में मार्च का ऑप्शन भी खोल दिया है, ताकि छूटे हुए हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण किया जा सके।
अब एक साथ चार माह का मिलेगा चावल
पिछले मार्च में छूटे हितग्राहियों को अब चालू अप्रैल में खाद्यान्न मिलेगा। इस आदेश के बाद अब चालू माह में कई हितग्राहियों को एक साथ चार महीने का चावल मिलेगा, क्योंकि चालू माह में अप्रैल, मई एवं जून महीने का चावल एपीएल को छोड़कर अन्य हितग्राहियों को एक साथ बांटा जा रहा है। ऐसे में मार्च में भी कई बीपीएल सहित अन्य वर्ग के हितग्राही भी हैं, जो चावल उठा नहीं पाए थे।
80 लाख 58 हजार में 71 लाख 72 हजार हितग्राहियों को बांटा गया था खाद्यान्न
मार्च में पूरे प्रदेश में उचित मूल्य की दुकानों में 71 लाख 72 हजार 535 राशन कार्ड धारकों को खाद्यान्न बांटा गया था, जबकि पंजीकृत राशन कार्डों की संख्या 80 लाख 58 हजार 333 है। इस तरह 8 लाख से भी अधिक कार्ड धारकों को खाद्यान्न वितरण नहीं हो पाया था। इस तरह छूटे हुए कार्ड धारकों का एक महीने का खाद्यान्न लैप्स हो गया। वितरण नहीं हो पाने का मुख्य कारण ई-पॉस मशीन के साफ्टवेयर को अपडेट किया जाना था। एनआईसी द्वारा साफ्टवेयर अपडेट के कारण लगभग 5 दिनों तक दुकानों में वितरण नहीं हो पाया, वहीं अपडेट होने के बाद भी साफ्टवेयर में तकनीकी दिक्कत होने लगी थी, जिससे तीन दिन और वितरण प्रभावित रहा। इस तरह महीने के आखिरी दिनों में 21 से 28 तारीख तक वितरण प्रभावित रहा। हालांकि दुकानों में खाद्यान्न का भंडारण नहीं होने के कारण भी वितरण प्रभावित हुआ था।
आप्प्शन खोल दिया गया है
रायपुर खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि, मार्च में छूटे हुए हितग्राहियों को खाद्यान्न बांटने का आदेश जारी हुआ है। इसके लिए साफ्टवेयर में ऑप्शन खोल दिया गया है। जिले की सभी राशन दुकानों को सूचना जारी कर दी गई है कि वे छूटे हुए हितग्राही को इसकी जानकारी ws ताकि वे मार्च का खाद्यान्न ले सकें।



