
शिवरीनारायण में मेला देखने आए युवक की हत्या
मामले में फरार आरोपी और नाबालिग गिरफ्तार
मृतक राहुल चौहान भटगांव के दर्रा गांव का था
निवासी…

सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/शिवरीनारायण,
जांजगीर चांपा पुलिस के अंतर्गत थाना शिवरीनारायण पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आज शनिवार को एक फरार आरोपित और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियो के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार मृतक राहुल चौहान, निवासी दर्रा थाना भटगांव जिला सारंगढ़-
बिलाईगढ़, शिवरीनारायण मेला देखने के बाद अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई गया था। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को पुरेना तालाब में फेंक दिया। सूचना मिलने पर 11 फरवरी को शिवरीनारायण पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मर्ग जांच
पंचनामा कार्रवाई कर हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप तथा एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने
कार्रवाई करते हुए फरार आरोपित राजवीर अनंत (19 वर्ष), निवासी राहौद थाना शिवरीनारायण और दो अपचारी बालकों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर राहुल चौहान पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। साथ ही शव को छिपाने की नीयत से पुरेना तालाब में फेंकने की बात भी बताई। पुलिस अन्य फरार आरोपियो की तलाश में जुटी हुई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, आरपी बघेल सहित शिवरीनारायण थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



