
टाटा मैजिक में मिली युवक की लाश: ठिकाने लगाने की थी तैयारी, पुलिस को देखकर फरार हुए आरोपी….

धरसीवां। राजधानी रायपुर की धरसीवां पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ऐसे टाटा मैजिक वाहन को पकड़ा है, जिसमें व्यक्ति की हत्या कर शव को ठीकाने लगाने के लिए ले जाया जा रहा था। शव के साथ वाहन को छोड़कर आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात धरसींवा पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी ग्रामीण अंचलों के सुनसान रास्तों से पेट्रोलिंग करते हुए कुंवरगढ़ से परसतराई की ओर नहर मार्ग से जा रही थी। इसी दौरान सामने से आती हुई एक टाटा मैजिक सवारी गाड़ी दिखाई दी, जिसके पीछे दो बाइक भी आ रही थी। हैरानी की बात ये है कि वे पुलिस की गाड़ी को दूर से देखकर भागने लगे और जब पुलिस ने उनका पीछा किया, तो वाहन छोड़कर फरार हो गए।

लाश देखकर उड़े होश
वही जब पुलिस मैजिक वाहन के पास पहुंची, तो उसमें अज्ञात व्यक्ति की लाश देखकर होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल पेट्रोलिंग पार्टी ने इसकी सूचना एसपी ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान को दी।

जल्द हो सकता है मामले का खुलासा
इसी के साथ ही वाहन को थाने लाकर शव को चीरघर में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हत्यारों की पतासाजी के साथ अज्ञात मृतक की शिनाख्ती के भी प्रयास में लगी है और जल्द ही इसका पूरा खुलासा कर सकती है।



